पदक विजेता खिलाड़ियों को तय समय में मिले सरकारी नौकरी, खेल नीति-2025 के अनुरूप बने नई खेल नीति: सीएम धामी

पदक विजेता खिलाड़ियों को तय समय में मिले सरकारी नौकरी, खेल नीति-2025 के अनुरूप बने नई खेल नीति: सीएम धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी सेवा में तय समय के भीतर समायोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अधिक से अधिक खिलाड़ियों को खेल विभाग में ही नियुक्ति देने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाए।

सचिवालय में आयोजित खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की राष्ट्रीय खेल नीति-2025 के अनुरूप उत्तराखंड की नई खेल नीति तैयार की जाए, जिससे खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं और बेहतर अवसर मिल सकें।

सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गोलापार (हल्द्वानी) स्थित उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय में आगामी माह से शैक्षणिक सत्र शुरू करने की सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं। इसके साथ ही ‘एक ब्लॉक-एक मिनी स्टेडियम’ योजना के तहत निर्माण कार्यों में तेजी लाने और 38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान विकसित खेल परिसरों के रखरखाव के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा।

उन्होंने देहरादून, हल्द्वानी, रुद्रपुर, टिहरी, हरिद्वार और पिथौरागढ़ में विकसित खेल सुविधाओं का अधिकतम उपयोग खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वर्ष 2027 में प्रस्तावित 39वें राष्ट्रीय खेलों को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रशिक्षण शिविर शुरू करने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान की प्रक्रिया तेज करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को ‘देवभूमि’ के साथ-साथ ‘खेलभूमि’ के रूप में स्थापित करना है। इसके लिए ‘एक जिला-एक खेल’ योजना को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए तथा प्रत्येक जिले में चयनित खेलों के लिए कोचिंग और प्रतियोगिताओं को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने जिला खेल छात्रावासों को खेल नर्सरी के रूप में विकसित करने के भी निर्देश दिए।

29 खिलाड़ियों को मिल चुकी सरकारी नौकरी

बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि अब तक 29 पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में समायोजित किया जा चुका है। राज्य में 48 मिनी स्टेडियम बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि 10 मिनी स्टेडियमों का निर्माण कार्य जारी है।

लोहाघाट में बन रहा देश का पहला महिला आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेज

अधिकारियों ने बताया कि लोहाघाट में देश के पहले महिला आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण तेजी से चल रहा है। वहीं गोलापार स्थित राज्य खेल विश्वविद्यालय में पुस्तकालय, शोध केंद्र, शूटिंग रेंज, हॉकी और फुटबॉल मैदान, बैडमिंटन हॉल, आठ लेन एथलेटिक्स ट्रैक समेत 39 आधुनिक खेल अवसंरचनाओं का विकास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक खिलाड़ी तक गुणवत्तापूर्ण खेल सुविधाएं पहुंचाना और युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए मजबूत खेल पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करना है।