कल्याणी नदी की सफाई के लिए नगर निगम का महाअभियान शुरू 350 करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया केंद्र को, मानसून से पहले नदी को दिया जाएगा नया जीवन

ख़बर शेयर करें -

350 करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया केंद्र को, मानसून से पहले नदी को दिया जाएगा नया जीवन

रुद्रपुर। शहर की जीवनरेखा कही जाने वाली कल्याणी नदी को उसके मूल स्वरूप में लाने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। शनिवार से नगर निगम ने नदी की सफाई के लिए महाअभियान की शुरुआत की, जिसमें दो पोकलैंड मशीन, कई जेसीबी व डंपर लगाए गए हैं। यह सफाई अभियान करीब बीस दिनों तक अटरिया मोड़ से किच्छा रोड तक चलेगा।

अभियान की शुरुआत महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल ने संयुक्त रूप से की। दोनों अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सफाई कार्य का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।

महापौर विकास शर्मा ने बताया कि कल्याणी नदी को फिर से जीवंत और स्वच्छ बनाने के लिए पेयजल निगम के माध्यम से 350 करोड़ रुपये का विस्तृत प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। लेकिन फिलहाल आगामी मानसून को देखते हुए तात्कालिक सफाई आवश्यक थी, इसलिए नगर निगम ने अपने संसाधनों से महाअभियान चलाया है।

उन्होंने बताया कि एक पोकलैंड मशीन अटरिया मोड़ और दूसरी किच्छा रोड की ओर से सफाई कर रही है। इसके अलावा नगर निगम की स्पेशल टीम, जिसमें तीस कर्मचारी शामिल हैं, सफाई कार्य में जुटे हुए हैं। जेसीबी और डंपरों की मदद से नदी की तली में जमा गंदगी को हटाया जा रहा है ताकि बारिश के दौरान बाढ़ जैसी स्थिति से बचा जा सके।

महापौर ने जनता से अपील करते हुए कहा कि कल्याणी नदी को बचाना सिर्फ नगर निगम का नहीं, बल्कि शहरवासियों का भी कर्तव्य है। जन सहयोग के बिना यह अभियान अधूरा है।

नगर निगम की योजना सिर्फ कल्याणी तक सीमित नहीं है। गंगापुर रोड की बनरसिया और हल्दिया नहर को भी मूल स्वरूप में लाने के प्रयास जारी हैं। इसके अलावा यहां रिवर फ्रंट विकसित करने का भी प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।

महापौर ने यह भी जानकारी दी कि इससे पहले नगर निगम ने 50 से अधिक नालों की सफाई कराई है। भविष्य में हरियाली बढ़ाने के लिए पौधारोपण अभियान भी चलाया जाएगा और शहर के डिवाइडरों की मरम्मत कर उन्हें सुंदर रूप दिया जाएगा।

इस अवसर पर नगर आयुक्त नरेश दुर्गापाल, उप नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे, सहायक नगर आयुक्त राजू नवियाल सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *