चारधाम यात्रा में बड़ा हादसा: तीर्थयात्रियों से भरी बस पलटी, 28 घायल — नशे में था चालक, यात्रियों की चेतावनी की भी नहीं की परवाह

ख़बर शेयर करें -

(उत्तराखंड) उत्तरकाशी,गंगोत्री हाईवे पर नालूपानी धरासू के पास चारधाम तीर्थयात्रियों की एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 28 से अधिक यात्री घायल हो गए। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए तत्काल डुंडा के स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। बस में मध्यप्रदेश से आए कुल 41 तीर्थयात्री सवार थे, जो यमुनोत्री से गंगोत्री धाम की ओर जा रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस संख्या यूके 13 पीए 0085 का चालक शराब के नशे में था और मोबाइल फोन पर बातचीत करते हुए वाहन चला रहा था। यात्रियों ने कई बार उसे रफ्तार कम करने को कहा, लेकिन उसने बात अनसुनी कर दी। धरासू के तीव्र मोड़ पर चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क पर ही पलट गई।

घटना की सूचना मिलते ही उत्तरकाशी पुलिस और 108 इमरजेंसी सेवा मौके पर पहुंच गई। बचाव कार्य शुरू किया गया और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्यों में तेजी लाई गई।

सूत्रों के अनुसार, 8 से 10 यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं जबकि अन्य को मामूली चोटें लगी हैं। किसी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही और नशे में वाहन चलाने की पुष्टि हो रही है। हालांकि, अधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।

स्थानीय प्रशासन ने यात्रियों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है और सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *