बेटी की जगह दहेज को मान्यता दे रहे है लोग,,दहेज के दो मामलों में 11 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

ख़बर शेयर करें -

बाजपुर पुलिस ने दहेज के अलग-अलग दो मामलों में 11 लोगों के खिलाफ  दर्ज की रिपोर्ट

बाजपुर-(एम् सलीम खान) कलयुग के इस दौर में बेटी की जगह दहेज को मान्यता देने वाले दहेज लोभियों के खिलाफ बाजपुर पुलिस ने अलग-अलग दो मामलों में 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दहेज प्रताडना के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने अदालत के आदेश पर 11 दहेज लोभियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। प्रथम मामले में गांव महोली जंगल निवासी सरिता ने अदालत में दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि उसका विवाह 26 फरवरी 2021 को गदरपुर के रहने वाले राजकुमार पुत्र भगत सिंह से हुआ था।

 

सरिता ने आरोप लगाया है कि विवाह के दो महीने के बाद से ही पति और उसके परिवार वाले पांच लाख रुपए और बाइक की मांग कर रहे हैं। उसने बताया कि उसे बाइक और पैसा न लाने पर ससुराल पक्ष प्रताड़ित कर रहे हैं। उन्होंने 16 नवंबर 2021 को उसके साथ मारपीट करते हुए घर से बाहर निकल दिया। एक फरवरी 2022 को शाम को करीब सात बजे वह मायके पहुंचे पति व ससुर ने उसके साथ फिर मारपीट करते हुए गाली गलौज की। पुलिस ने अदालत के आदेश के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

 

इस मामले में पुलिस ने पति राजकुमार,देवर सचिन,सास कमला, ससुर भगत,ननद गुड़िया व किरन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। वही दूसरी ओर वार्ड नंबर 4 केलाखेड़ा निवासी नाजरीन पुत्री रफीक ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि उसका विवाह एक जुलाई 2017 को मोहल्ला रत्ना मड़ैया केलाखेड़ा निवासी मो अली पुत्र शाकिर अली के साथ हुआ था।

 

उसने आरोप लगाया कि विवाह के कुछ दिनों बाद ही ससुराल वालों ने एक लाख रुपए नगद और एक कार की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। वही दो बार इस मामले में पंचायत भी हुई थी। लेकिन ससुराल पक्ष के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। उसके बाद उसका पति मायके आया और तीन बार तलाक कह कर चला गया। पुलिस ने अदालत के आदेश पर नामजद पति मौ अली, ससुर शाकिर,सास फुल जहां,जाहिद हुसैन,व ननद फातिमा के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *