वर्षों से जर्जर बिंदुखेड़ा मार्ग का होगा कायाकल्प, कई विकास परियोजनाओं पर तेजी: विधायक शिव अरोरा

वर्षों से जर्जर बिंदुखेड़ा मार्ग का होगा कायाकल्प, कई विकास परियोजनाओं पर तेजी: विधायक शिव अरोरा

रुद्रपुर। विधायक शिव अरोरा ने बुधवार को अपने कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए किए गए अधिकांश संकल्प अब धरातल पर उतरते दिखाई दे रहे हैं और कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं टेंडर प्रक्रिया में पहुंच चुकी हैं।

विधायक ने बताया कि नेशनल हाईवे से बिंदुखेड़ा-रायपुर मोटर मार्ग के निर्माण के लिए राज्य योजना के तहत 3.94 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। हाल ही में शासनादेश जारी होने के बाद परियोजना टेंडर प्रक्रिया में है और प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मार्ग वर्षों से जर्जर स्थिति में था और स्थानीय लोगों से इसे बनवाने का वादा अब पूरा होने जा रहा है।

उन्होंने बताया कि छतरपुर-भूरारानी शांति विहार मार्ग (करीब 5 किलोमीटर) के निर्माण के लिए 2.47 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्यादेश जारी कर दिया गया है और अगले कुछ दिनों में निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इस सड़क के बनने से सिडकुल और हल्द्वानी मार्ग की ओर आने-जाने वाले हजारों लोगों को राहत मिलेगी। लंबे समय से खराब स्थिति में होने के कारण बरसात के दौरान इस मार्ग पर आवागमन बेहद कठिन हो जाता था।

पत्रकार वार्ता में विधायक ने काशीपुर बाईपास को अपना ड्रीम प्रोजेक्ट बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा में शामिल इस परियोजना के लिए 13.72 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। 23 जून को शासनादेश जारी हुआ और 26 जून को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसका शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि पीडब्ल्यूडी ने निर्माण कार्य के लिए टेंडर आमंत्रित कर दिए हैं।

उन्होंने कहा कि बाईपास बनने से रुद्रपुर शहर को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। स्कूली बच्चों, आम नागरिकों और व्यापारियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। विधायक ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक द्वारा इस प्रस्ताव को निरस्त करने की लिखित स्वीकृति दिए जाने के कारण परियोजना को दोबारा शुरू करने में काफी समय लगा, लेकिन वर्तमान सरकार ने इसे पुनर्जीवित कर आगे बढ़ाया।

काशीपुर बाईपास निर्माण की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए विधायक ने बताया कि अगले एक-दो दिनों में मुनादी शुरू कर दी जाएगी। 8 जुलाई तक अतिक्रमण स्वयं हटाने का समय दिया जाएगा, जबकि 10 जुलाई से पीडब्ल्यूडी द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। साथ ही विद्युत विभाग और जल संस्थान भी अपने-अपने कार्य प्रारंभ करेंगे।

विधायक ने बताया कि रमपुरा क्षेत्र के बारात घर के विस्तार एवं सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव मुख्यमंत्री घोषणा संख्या-426/2025 में शामिल किया जा चुका है। जिला विकास प्राधिकरण इसकी डीपीआर तैयार कर रहा है और स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।

उन्होंने यह भी बताया कि सिंचाई विभाग की भूमि पर 2.75 करोड़ रुपये की लागत से रुद्रपुर की पहली पार्किंग का टेंडर जारी हो चुका है और इसे इसी वर्ष जनता को समर्पित करने का लक्ष्य है।

अंत में विधायक शिव अरोरा ने कहा कि वे केवल घोषणाओं पर नहीं, बल्कि योजनाओं को स्वीकृति दिलाकर धरातल पर उतारने में विश्वास रखते हैं। उनके कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं स्वीकृत होकर निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही हैं।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष धीरेश गुप्ता, मुकेश पाल, जगदीश विश्वास, मयंक कक्कड़ सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।