अपराध छोड़े या जिला – एसएसपी की सख्ती के बाद 7 अपराधी जिला बदर
ढोल-नगाड़ों के साथ पुलिस ने विभिन्न थानों के अपराधियों को 6 माह के लिए ऊधम सिंह नगर से निकाला बाहर

समाचार प्लस लाइव (उत्तराखंड) ऊधम सिंह नगर पुलिस ने जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए एक बड़ी कार्यवाही की है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से 07 आदतन अपराधियों को ढोल-नगाड़ों के साथ जिला बदर किया गया।
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इन सभी अपराधियों के विरुद्ध उनके आपराधिक इतिहास के आधार पर गुण्डा नियंत्रण अधिनियम की धारा-3 के तहत चालानी रिपोर्ट तैयार की गई थी। अपर जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन/नजूल) द्वारा इन अपराधियों को छह माह के लिए ऊधम सिंह नगर की सीमाओं से बाहर करने के आदेश पारित किए गए।
शनिवार को इन अपराधियों को जिले की सीमा से बाहर रामपुर बार्डर तक पहुंचाया गया, जहां उन्हें सख्त चेतावनी दी गई कि यदि वे 6 माह की अवधि के भीतर जिले में लौटे तो उनके विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा।
जिला बदर किए गए अपराधियों के नाम इस प्रकार हैं:
1. गुरचरण सिंह उर्फ चन्नी पुत्र सिंघारा सिंह, निवासी दुधियानगर, कोतवाली रुद्रपुर।
2. अमरजीत सिंह पुत्र महिपाल सिंह, निवासी ग्राम फिरोजपुर, कोतवाली काशीपुर।
3. संदीप सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह, निवासी सरवरखेड़ा, थाना कुंडा।
4. गुरप्रीत सिंह पुत्र तरसेम सिंह, निवासी सरवरखेड़ा, थाना कुंडा।
5. किशन सिंह पुत्र मोहन सिंह, निवासी छोटी बरखेड़ी, थाना आई.टी.आई।
6. सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा, निवासी मंगल बाजार, आलूफार्म, थाना आई.टी.आई।
7. बंटी सिंह पुत्र गुलाब सिंह, निवासी खड़कपुर, देवीपुरा, थाना आई.टी.आई।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि जिले में अपराध और अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। ऐसे तत्वों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।
