
🟥 समाचार प्लस लाइव,रुद्रपुर (उधम सिंह नगर)।
रुद्रपुर पुलिस की दोहरी कार्रवाई, 34 लाख का ठग भूटान बॉर्डर से दबोचा,9 लाख की चरस के साथ तस्कर किच्छा से गिरफ्तार
जनपद उधम सिंह नगर पुलिस की दो बड़ी कामयाबी ने अपराधियों की नींद उड़ा दी है। एक ओर प्याज कारोबार के नाम पर 34 लाख की ठगी करने वाले शातिर जालसाज को पुलिस ने हजारों किलोमीटर दूर पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया, तो दूसरी ओर राज्य सरकार के “नशा मुक्त उत्तराखंड” अभियान को धार देते हुए एक शातिर नशा तस्कर को किच्छा से ₹9 लाख की चरस के साथ दबोचा गया है।
✅ 2000 किलोमीटर दूर से गिरफ्तार हुआ ठग
आवास विकास, रुद्रपुर निवासी कारोबारी महिला माधवी पचौरी से 34 लाख रुपये की ठगी करने वाला अभिजीत घोष नामक शातिर जालसाज आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। महिला ने कुछ माह पूर्व प्याज की खेप के लिए अभिजीत घोष के अकाउंट में रकम डाली थी। पर खेप नहीं आई, और आरोपी फरार हो गया।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में गठित टीम ने स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और सर्विलांस सेल की मदद से करीब 2000 किलोमीटर का सफर तय करते हुए पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले के जयगांव में घुसपैठ कर रहे आरोपी को भूटान बॉर्डर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
✅ नशा मुक्त अभियान को बड़ी सफलता – 9 लाख की चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार

दूसरी बड़ी कार्रवाई में किच्छा पुलिस ने ₹9 लाख मूल्य की चरस के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के केस में कोर्ट से 10 साल की सजा पा चुका है। अभी वह 6 महीने की जेल काटकर बाहर आया ही था कि दोबारा उसी अपराध में लिप्त पाया गया।
⚖️ दोनों को भेजा गया जेल
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को कोर्ट में पेश कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है। पुलिस अब इन मामलों में और भी लोगों की संलिप्तता की जांच कर रही है।
