रुद्रपुर में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत: पार्षद मधु शर्मा के सम्मान में पहुंचीं वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री मीना शर्मा….

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर- उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं 66 विधानसभा रुद्रपुर से कांग्रेस प्रत्याशी रही पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा ने नगर निगम चुनाव में पार्षद पद पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाली कांग्रेस नेत्री मधु शर्मा के रामनगर स्थित आवास पर पहुंचकर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर उन्होंने शॉल ओढ़ाकर एवं फूल मालाएं पहनाकर मधु शर्मा को बधाई दी और उनके उज्जवल राजनीतिक भविष्य की कामना की।

 

मीना शर्मा ने कहा कि मधु शर्मा लगातार दूसरी बार निगम पार्षद बनी हैं, जो यह दर्शाता है कि जनता ने उनके कार्यों पर विश्वास जताया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मधु शर्मा अपने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहेंगी। विशेष रूप से गल्ला मंडी और गांधी कॉलोनी की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाकर उनका निस्तारण कराने का प्रयास करेंगी।

 

इस सम्मान समारोह में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे, जिनमें मदन मोहन शर्मा, अनिल शर्मा, सौरभ शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद थे।मीना शर्मा ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता के हितों के लिए काम करती रही है और आने वाले समय में भी जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। नगर निगम चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की इस जीत से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और यह आगामी चुनावों के लिए भी सकारात्मक संकेत देता है।

 

मधु शर्मा ने अपनी जीत का श्रेय पार्टी नेतृत्व, कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता को दिया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे जनता की समस्याओं को हल करने और क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *