कालाढूंगी पुलिस का सराहनीय प्रयास: कांवड़ यात्रियों के लिए भोजन व्यवस्था और सुरक्षा का एहसास…

ख़बर शेयर करें -

कालाढूंगी कांवड़ यात्रा के दौरान शिव भक्तों और कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नैनीताल जनपद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देशानुसार विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कालाढूंगी पुलिस ने कांवड़ यात्रियों के लिए भोजन एवं जलपान की व्यवस्था कर एक अनुकरणीय पहल की है।

थानाध्यक्ष कालाढूंगी श्री पंकज जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा गड़प्पू बैरियर पर कांवड़ यात्रियों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था की गई। इस प्रयास से शिव भक्तों को यात्रा के दौरान राहत मिली और पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ।

इसके अतिरिक्त, नैनीताल तिराहा, बरहैनी गड़प्पू बैरियर, मोंटेश्वर महादेव मंदिर, नया गाँव तिराहा और बोर पुल जैसे प्रमुख स्थानों पर कांवड़ यात्रियों की सुगम यात्रा के लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया है।

कालाढूंगी पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या का सामना करना पड़े, तो वे तुरंत पुलिस से संपर्क करें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि शिव भक्तों की सुरक्षा और सुविधा के लिए पुलिस हर संभव सहायता प्रदान करेगी।

कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस द्वारा किया गया यह सराहनीय प्रयास न केवल शिव भक्तों की सेवा में योगदान दे रहा है, बल्कि आम जनता को भी सुरक्षा और सहयोग का सकारात्मक संदेश दे रहा है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *