एसएसपी अल्मोड़ा का नशे के खिलाफ बड़ा एक्शन, 14 किलो गांजा के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार
अल्मोड़ा। एसएसपी देवेन्द्र पींचा के निर्देश पर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बीती रात बड़ी कार्रवाई की है। दो अलग-अलग मामलों में थाना भतरौजखान और सल्ट पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 14.455 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 3.61 लाख रुपये आंकी गई है।
एसएसपी ने सभी थानाध्यक्षों को नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए धरपकड़ तेज करने और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
पहला मामला – भतरौजखान थाना क्षेत्र
थानाध्यक्ष अवनीश कुमार के नेतृत्व में छोटी घट्टी के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक संख्या UP21CM1957 से जा रहे सलीम (उम्र 30 वर्ष, निवासी जिला मुरादाबाद) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 6.860 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 1.71 लाख रुपये है। आरोपी कपड़ों की फेरी लगाता है और गांजा कपड़ों के बीच छुपाकर मुरादाबाद ले जाने की फिराक में था।
दूसरा मामला – सल्ट थाना क्षेत्र
थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह के नेतृत्व में मरचूला चेकपोस्ट पर वाहन चेकिंग के दौरान बाइक संख्या UK18M-6435 से जा रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 7.595 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 1.89 लाख रुपये है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप (उम्र 32 वर्ष, निवासी रामनगर) और दिनेश कुमार (उम्र 22 वर्ष, निवासी जसपुर, उधमसिंहनगर) के रूप में हुई है। आरोपी गांजा सराईखेत से रामनगर ले जा रहे थे।
पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वाहनों को सीज कर दिया है।
