
📰 समाचार प्लस लाइव
पहाड़गंज में अतिक्रमण नोटिस के विरोध में सैकड़ों लोगों का प्रदर्शन, मेयर से मिला भरोसा—सीएम से बात करेंगे
रुद्रपुर, 30 जून — कल्याणी नदी के किनारे और नजूल भूमि पर बसे मकानों को अवैध बताकर दिए जा रहे नोटिसों के विरोध में आज पहाड़गंज के सैकड़ों महिला-पुरुषों ने नगर निगम कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। नाराज लोगों ने मेयर विकास शर्मा से मिलकर ज्ञापन सौंपा और नोटिस वापस लेने की मांग की।
वार्ड 16 के पार्षद नूरूद्दीन के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने कहा कि जिला विकास प्राधिकरण (डीडीए) की टीम पिछले 20 दिनों से लगातार क्षेत्र में पहुंचकर मकानों को अवैध बताते हुए नोटिस थमा रही है, जिससे करीब 300 परिवारों में डर और दहशत का माहौल है। अधिकांश लोग मेहनत-मजदूरी कर गुजारा करते हैं और अब अपने आशियाने उजड़ने का डर सता रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि प्रशासन वाकई अतिक्रमण हटाना चाहता है तो अभियान की शुरुआत सिडकुल से करे, न कि केवल पहाड़गंज को टारगेट किया जाए।
इस मौके पर मेयर विकास शर्मा ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता करते हुए भरोसा दिलाया कि किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे इस मुद्दे पर स्वयं जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से वार्ता करेंगे। वर्षों से रह रहे परिवारों के हितों की रक्षा हर हाल में की जाएगी।
काफी देर तक चली बैठक के बाद प्रदर्शनकारी मेयर की बातों से संतुष्ट हुए और शांतिपूर्वक लौट गए।
