नवरात्रि में खुले कुट्टू के आटे की बिक्री न करें व्यापारी, खाद्य विभाग की अपील
रुद्रपुर | संवाददाता
आगामी नवरात्रि पर्व को देखते हुए खाद्य विभाग ने किराना व्यापारियों से खुले कुट्टू के आटे की बिक्री नहीं करने की अपील की है। खाद्य विभाग की नगर अधिकारी आशा आर्या ने व्यापार मंडल के माध्यम से व्यापारियों से केवल सीलबंद पैकिंग और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कुट्टू का आटा बेचने का आग्रह किया है।
खाद्य विभाग के अनुसार, खुले में रखे कुट्टू के आटे की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका रहती है, जिससे खाद्य जनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। इसी को देखते हुए नवरात्रि के दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और लोगों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने पर जोर दिया जा रहा है।
खाद्य विभाग की अपील पर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने दुकानदारों को जागरूक करने के लिए दुकान-दुकान जाकर अभियान चलाया। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि ग्राहकों को केवल सीलबंद पैकिंग और अच्छी गुणवत्ता वाला कुट्टू का आटा ही उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की जिम्मेदारी है कि वे ग्राहकों के स्वास्थ्य और हितों का ध्यान रखें।
इस दौरान किराना व्यापार मंडल अध्यक्ष कृष्ण कनोडिया, अरुण गोयल, अजय गोयल, प्रतीक अरोरा, अनिल जैन, सचिन कुमार और अंशुल अग्रवाल सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
संदेश: नवरात्रि में कुट्टू का आटा खरीदते समय सीलबंद पैकिंग और गुणवत्ता की जांच करें तथा खुले आटे की खरीद से बचें।
