उत्तराखंड सरकार का बड़ा एक्शन, अब देवभूमि में धर्म की आड़ में ठगी करने वालों की खैर नहीं! , मुख्यमंत्री धामी ने छेड़ा ‘ऑपरेशन कालनेमि
समाचार प्लस लाइव |देवभूमि उत्तराखंड में धार्मिक विश्वास को ठेस पहुंचाने वाले छद्म भेषधारियों के खिलाफ शासन सख्त हो गया है। सनातन धर्म की आड़ में लोगों को ठगने और महिलाओं को निशाना बनाने वाले असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए ‘ऑपरेशन कालनेमि’ की शुरुआत की गई है।
हाल के दिनों में प्रदेश के कई जिलों से ऐसे मामले सामने आए हैं जहां कुछ अपराधी साधु-संतों का वेश धरकर भोली-भाली जनता को भ्रमित कर ठगी कर रहे हैं। शासन ने ऐसे तत्वों को “आधुनिक कालनेमि” करार देते हुए कहा है कि जैसे त्रेतायुग में असुर कालनेमि ने साधु का वेश धरकर श्रीराम के भाई लक्ष्मण को भ्रमित करने की कोशिश की थी, आज भी ऐसे ही नकली साधु समाज में भ्रम फैला रहे हैं।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि धर्म का अपमान, आस्था का दोहन और समाज को गुमराह करने की किसी भी कोशिश को अब सख्ती से कुचला जाएगा। कोई भी व्यक्ति, चाहे वह किसी भी धर्म या जाति से हो, यदि इस प्रकार के आपराधिक कृत्य में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सरकार का संदेश साफ है — सनातन धर्म की गरिमा और सामाजिक सौहार्द से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
