‘वेड इन उत्तराखंड’ अभियान से बढ़ेगा रोजगार, उत्तराखंड बनेगा ग्लोबल वेडिंग डेस्टिनेशन: सीएम धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि राज्य सरकार उत्तराखंड को देश और दुनिया के प्रमुख डेस्टिनेशन वेडिंग हब के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘वेड इन उत्तराखंड’ अभियान न केवल राज्य की पर्यटन क्षमता को नई पहचान देगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा।
मसूरी-देहरादून मार्ग स्थित पुनर्नवा वेलनेस रिजॉर्ट में आयोजित ‘ग्रेस हिन्दुस्थान 2.0 उत्तराखंड’ राष्ट्रीय वेडिंग प्रोफेशनल्स सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, आध्यात्मिक विरासत और समृद्ध सांस्कृतिक पहचान इसे डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए देश के सबसे आकर्षक राज्यों में शामिल करती है।
उन्होंने बताया कि भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह स्थल त्रियुगीनारायण मंदिर सहित ऊखीमठ, रामनगर, टिहरी और मसूरी जैसे प्रमुख स्थलों को विश्वस्तरीय वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए आवश्यक पर्यटन एवं आधारभूत सुविधाओं का विस्तार भी किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डेस्टिनेशन वेडिंग को बढ़ावा मिलने से केवल होटल और रिसॉर्ट उद्योग ही नहीं, बल्कि स्थानीय कारीगरों, लोक कलाकारों, होमस्टे संचालकों, टैक्सी चालकों, फूल उत्पादकों, कैटरिंग सेवाओं और छोटे व्यापारियों को भी प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड को ऐसा वेडिंग डेस्टिनेशन बनाना है, जहां प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक आस्था और आधुनिक सुविधाओं का अनूठा संगम देश-विदेश से आने वाले लोगों को आकर्षित करे।
