खटीमा को मिली 6 बड़ी सौगातें, सीएम धामी ने ऑक्सीजन पार्क का किया लोकार्पण
खटीमा, 1 सितंबर 2026: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा में नवनिर्मित नगर वन ऑक्सीजन पार्क (सिटी पार्क) का लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास और पर्यटन सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए 6 बड़ी घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाओं में सिटी पार्क का विस्तारीकरण, पार्क परिसर में वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय शिफ्ट करना, खटीमा में स्टेडियम का निर्माण, क्रीड़ा शाला का निर्माण, आधुनिक सर्किट हाउस का निर्माण और वेंडिंग जोन की स्थापना शामिल है।
मुख्यमंत्री ने पार्क परिसर में पौधारोपण किया और पार्क का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने ओपन जिम में भी हाथ आजमाया। उन्होंने महिलाओं की सुविधा के लिए पार्क परिसर में पिंक शौचालय बनाने के निर्देश दिए।
सीएम धामी ने कहा कि ऑक्सीजन पार्क से लोगों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि पार्क को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यास वैली, पंचाचूली और आदि कैलाश यात्रा मार्ग के लिहाज से खटीमा की महत्वपूर्ण भौगोलिक स्थिति है। ऐसे में सर्किट हाउस और वेंडिंग जोन जैसी सुविधाओं से पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भी लाभ मिलेगा।
उन्होंने ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर आर्थिक विकास और आने वाली पीढ़ियों के लिए रोजगार के अवसर तैयार करना सरकार का लक्ष्य है।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, दर्जा मंत्री मोहिनी पोखरिया, गंभीर सिंह धामी, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, वन संरक्षक नीतिशमणि त्रिपाठी, डीएफओ दीपक सिंह समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
