रुद्रपुर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: 80 लीटर कच्ची शराब बरामद, 2500 किलो लहन व भट्टी नष्ट
रुद्रपुर, 23 जुलाई। उधम सिंह नगर में अवैध कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बिन्दुखेड़ा और अर्जुनपुर में छापेमारी की। अभियान के दौरान एक अवैध शराब भट्टी को ध्वस्त किया गया, 2500 किलोग्राम लहन नष्ट किया गया तथा 80 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।
यह कार्रवाई माननीय आबकारी आयुक्त एवं जिलाधिकारी उधम सिंह नगर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी महेन्द्र सिंह बिष्ट के निर्देशन में की गई। क्षेत्र-01 रुद्रपुर की आबकारी टीम ने अवैध शराब निर्माण, भंडारण और बिक्री की शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बिन्दुखेड़ा नाले के पास छापेमारी की। यहां अवैध शराब तैयार करने में प्रयुक्त एक भट्टी को नष्ट किया गया तथा मौके पर करीब 2500 किलोग्राम लहन नष्ट किया गया। तलाशी के दौरान लगभग 25 लीटर अवैध कच्ची शराब भी बरामद हुई। इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
इसके बाद टीम ने ग्राम अर्जुनपुर में दबिश देकर सुरजीत कौर पत्नी निशान सिंह के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक रबर ट्यूब में लगभग 60 लीटर अवैध कच्ची शराब तथा एक प्लास्टिक के कट्टे में 40 पाउच (प्रत्येक लगभग 500 मिलीलीटर) बरामद किए गए। कुल मिलाकर 80 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद होने पर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह अभियान आबकारी निरीक्षक सोनू सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। कार्रवाई में प्रधान आबकारी सिपाही दीपक, संतोष, विकास तथा आबकारी सिपाही राजेंद्र, वीरेंद्र, रोशनी सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
