रुद्रपुर: सिलेंडर ब्लास्ट से मचा हड़कंप, पिता-पुत्र समेत 4 झुलसे, दो की हालत गंभीर
रुद्रपुर। कृष्णा कॉलोनी ट्रांजिट कैंप में मंगलवार सुबह खाना बनाते समय सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। धमाके के बाद घर में आग लग गई, जिससे अफरातफरी मच गई। इस हादसे में गृहस्वामी, उसकी पत्नी, पुत्र और एक पड़ोसी महिला गंभीर रूप से झुलस गए।

जानकारी के अनुसार, कृष्णा कॉलोनी निवासी किरायेदार लोकेश कुमार (मूल निवासी खमरिया पुर, पीलीभीत) की पत्नी गोमती देवी सुबह करीब 7:30 बजे छोटे सिलेंडर पर खाना बना रही थीं। इसी दौरान गर्म तवा गलती से गैस पाइप पर रख दिया गया, जिससे पाइप से गैस रिसाव शुरू हो गया और अचानक आग भड़क उठी।
देखते ही देखते आग सिलेंडर तक पहुंच गई और जोरदार धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। धमाके से पूरे घर में आग फैल गई और दीवारें तक चटक गईं, साथ ही पड़ोसी घर को भी नुकसान पहुंचा।
इस घटना में लोकेश कुमार, उनकी पत्नी गोमती देवी, 10 वर्षीय पुत्र नीरज और पड़ोसी महिला मीरा पत्नी हरस्वरूप गंभीर रूप से झुलस गए। सभी को तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया।
चिकित्सकों के अनुसार लोकेश करीब 50 प्रतिशत और नीरज लगभग 90 प्रतिशत तक झुलस गए हैं। हालत गंभीर होने पर दोनों को सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय, हल्द्वानी रेफर किया गया है, जबकि गोमती देवी और मीरा का प्राथमिक उपचार किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप कोतवाली पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
