ट्रक में मिला चालक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

ख़बर शेयर करें -

ट्रक में मिला चालक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

दिनेशपुर/उधम सिंह नगर:

पिथौरागढ़ से माल लेने आए एक ट्रक चालक की उसके ही ट्रक में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों ने शव पर चोट के निशान देखकर हत्या की आशंका जताई है।

जानकारी के अनुसार, सेफ एक्सप्रेस कूरियर कंपनी के ट्रक संख्या UK 04 CC 0866 का चालक दर्शन सिंह (निवासी ग्राम धुरा सूखी ढाम, जिला चम्पावत) शनिवार शाम को दिनेशपुर के कालीनगर क्षेत्र में एक कंपनी से माल लेने आया था। उसने ट्रक को चंडीपुर रोड पर खड़ा किया और उसी में सो गया।

बताया जा रहा है कि रविवार सुबह करीब 6 बजे जब उसे बुलाने के लिए लोग पहुंचे, तो वह ट्रक की सीट पर बेसुध पड़ा मिला। काफी प्रयासों के बावजूद जब वह नहीं उठा, तो आसपास के लोग एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने दर्शन सिंह को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलने पर पहुंचे मृतक के भाई कैलाश सिंह, पत्नी ललिता देवी और अन्य परिजनों ने बताया कि शव पर चोट के निशान हैं, जिससे उन्हें हत्या की आशंका है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *