हल्द्वानी में ‘रन फॉर अवेयरनेस’ रैली का शुभारंभ, सीएम धामी ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी में ‘रन फॉर अवेयरनेस’ रैली का शुभारंभ, सीएम धामी ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ

हल्द्वानी:पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हल्द्वानी में नशामुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत आयोजित ‘रन फॉर अवेयरनेस’ रैली का शुभारंभ किया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

एमबी इंटर कॉलेज मैदान से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने से पहले मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दौड़ केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि एक स्वस्थ, समृद्ध और नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे को ‘ना’ और जीवन को ‘हां’ कहने का संदेश पूरे प्रदेश में फैलाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा एक “साइलेंट वार” की तरह समाज में फैल रहा है, जिसका सबसे बड़ा असर युवा वर्ग पर पड़ रहा है। कई बार मजाक में शुरू हुआ नशा धीरे-धीरे गंभीर लत बन जाता है, जिससे बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है और पूरे परिवार पर इसका दुष्प्रभाव पड़ता है।

उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी द्वारा 2020 में शुरू किए गए ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ से प्रेरणा लेकर राज्य सरकार इस दिशा में मिशन मोड पर काम कर रही है। वर्ष 2022 में गठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा हजारों आरोपियों की गिरफ्तारी और भारी मात्रा में मादक पदार्थों की बरामदगी की गई है।

राज्य में एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी (ATF) केंद्र संचालित किए जा रहे हैं और सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में भी इन्हें स्थापित किया जा रहा है। साथ ही ‘दगड़िया क्लब’ के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल कानून से नहीं जीती जा सकती, बल्कि इसके लिए समाज की जागरूकता और युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने सभी को नशामुक्ति की शपथ दिलाते हुए ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखंड’ के लक्ष्य को हासिल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में संत, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *