रुद्रपुर के रम्पुरा में चाउमीन के पैसों को लेकर बवाल, तमंचों से ताबड़तोड़ फायरिंग से मची भगदड़

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर के रम्पुरा में चाउमीन के पैसों को लेकर बवाल, तमंचों से ताबड़तोड़ फायरिंग से मची भगदड़

जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 7:27 बजे रुद्रपुर के रम्पुरा क्षेत्र स्थित निचाल चौराहे पर दो बाइक पर सवार होकर पांच युवक एक चाउमीन-मोमो की दुकान पर पहुंचे। युवकों ने वहां चाउमीन खाई, लेकिन जब दुकानदार ने पैसे मांगे तो उन्होंने भुगतान करने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दुकानदार और युवकों के बीच कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर युवक वहां से चले गए, लेकिन जाते-जाते अंजाम भुगतने की धमकी देकर गए थे।

बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ से दो घंटे बाद उन्हीं में से तीन युवक दोबारा दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि युवक नशे की हालत में थे। दुकान पर पहुंचते ही फिर विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते युवकों ने तमंचों से ताबड़तोड़ चार राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से चौराहे पर भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए दुकानों और गलियों की ओर भागते नजर आए। इस दौरान दूसरी ओर से पथराव भी हुआ।

घटना की सूचना पर रम्पुरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने संदिग्ध युवकों के घरों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी फरार मिले। पूछताछ के लिए कुछ परिजनों को हिरासत में लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *