
अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम टीम और पार्षद पति में विवाद, दोनों पक्षों ने लगाए मारपीट के आरोप
रुद्रपुर। किच्छा रोड पर अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम और एक पार्षद पति के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और अभद्रता के आरोप लगा दिए।
जानकारी के अनुसार नगर निगम की टीम किच्छा रोड पर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान जब टीम भूत बंगला गेट के सामने रम्पुरा क्षेत्र में पहुंची तो एक जूस के ठेले पर लगे छाते को हटाने लगी। बताया जाता है कि ठेला संचालक सागर ने मदद के लिए वार्ड 23 रम्पुरा की पार्षद अंजलि कोली के पति राजू कोली को बुलाया।
मौके पर पहुंचे राजू कोली ने निगम कर्मियों से छाता न ले जाने की बात कही। निगम कर्मचारियों ने कार्रवाई को विभागीय आदेशों के तहत बताया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
राजू कोली का आरोप है कि एक निगम कर्मी ने उनका गिरेबान पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की। वहीं दूसरी ओर नगर निगम कर्मचारियों ने भी राजू कोली पर अभद्रता और मारपीट करने का आरोप लगाया है।
घटना के बाद राजू कोली ने नगर निगम कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही मामले की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (सीएम पोर्टल) पर भी की गई है।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि मामले में दोनों पक्षों की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। सभी पक्षों की बात सुनने और तथ्यों की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
