जल संकट: किच्छा के कठर्रा गऊघाट गांव में सूखे नल, पानी की किल्लत से ग्रामीण परेशान

जल संकट: किच्छा के कठर्रा गऊघाट गांव में सूखे नल, पानी की किल्लत से ग्रामीण परेशान

किच्छा (ऊधम सिंह नगर)। तहसील क्षेत्र के ग्राम कठर्रा गऊघाट में इन दिनों गंभीर जल संकट बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि जल संस्थान की लापरवाही के कारण गांव में बनी पानी की टंकी से नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार जल विभाग द्वारा पानी की सप्लाई का कोई निश्चित समय निर्धारित नहीं है। कभी-कभार कम दबाव के साथ थोड़े समय के लिए पानी छोड़ा जाता है, जिससे कई घरों तक पानी पहुंच ही नहीं पाता। भीषण गर्मी के बीच पीने के पानी और घरेलू कार्यों के लिए लोगों को हैंडपंपों और अन्य वैकल्पिक स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। इसे लेकर गांव में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति शुरू नहीं की गई तो वे तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन करने और जल विभाग के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) तथा जल विभाग के अधिशासी अभियंता को संबोधित एक शिकायत पत्र तैयार किया जा रहा है, जिसमें समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की जाएगी।