अवैध वसूली और रंगदारी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, भाजपा नेता विकास सागर समेत तीन गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

अवैध वसूली और रंगदारी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, भाजपा नेता विकास सागर समेत तीन गिरफ्तार

 

गदरपुर। गदरपुर पुलिस ने अवैध वसूली और रंगदारी के जरिए लोगों को आतंकित करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए भाजपा नेता विकास सागर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त कार और अन्य मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले का एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

 

पुलिस के अनुसार ग्राम सरोवर नगर निवासी फईम अहमद ने कोतवाली गदरपुर में तहरीर देकर बताया था कि 1 जून 2026 को उसका भाई वरीस अहमद रुद्रपुर से घर लौट रहा था। इसी दौरान मसीत गांव मार्ग पर विकास सागर अपने साथियों अमित सागर, प्रदीप दिवाकर और गोलू कोटिया के साथ कार में पहुंचा और उसे जबरन वाहन में बैठाने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसका ओप्पो मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए।

 

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी विकास सागर कथित तौर पर पीड़ित पक्ष को पुलिस और प्रशासनिक कार्रवाई का भय दिखाकर प्रतिमाह लगभग 35 हजार रुपये की अवैध वसूली करता था। पुलिस के मुताबिक लूटे गए मोबाइल फोन में आरोपी के खिलाफ महत्वपूर्ण साक्ष्य मौजूद थे, जिन्हें नष्ट करने के उद्देश्य से मोबाइल छीना गया था।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने छतरपुर स्थित डिवाइन सिटी कॉलोनी में घेराबंदी कर विकास सागर, अमित सागर और प्रदीप दिवाकर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर गुलरभोज फ्लाईओवर के पास झाड़ियों से लूटा गया ओप्पो ए-78 मोबाइल फोन बरामद किया गया।

 

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से मोबाइल फोन का सिम कार्ड तोड़ दिया था और फोन को फॉर्मेट कर दिया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की बलेनो कार संख्या UK06BH-8088 को भी कब्जे में ले लिया है।

 

मामले में कोतवाली गदरपुर में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कई अन्य मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। चौथा आरोपी गोलू कोटिया अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

 

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अवैध वसूली, रंगदारी और गुंडागर्दी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आमजन को भयभीत कर धन उगाही करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *