विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका

ख़बर शेयर करें -

विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका

रुद्रपुर। किरतपुर कोलड़ा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार अल्मोड़ा जिले के दन्या निवासी मोहन चंद भट्ट की 24 वर्षीय पुत्री मुन्नी का विवाह तीन वर्ष पूर्व किरतपुर कोलड़ा निवासी हरीश पांडे से हुआ था। मृतका के पिता ने बताया कि मंगलवार दोपहर उन्हें मुन्नी की ननद का फोन आया, जिसमें उसकी तबीयत खराब होने की सूचना दी गई। जब वे ससुराल पहुंचे तो उनकी बेटी की मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलने पर कोतवाल प्रकाश सिंह दानू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को घर के एक कमरे में मुन्नी का शव मिला। प्रारंभिक जांच में शव में अकड़न तथा मुंह और नाक से झाग निकलता पाया गया, हालांकि शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले।

ससुराल पक्ष के अनुसार मंगलवार सुबह मुन्नी ने गले, सीने और पीठ में दर्द की शिकायत की थी। इसके बाद उसे दानपुर स्थित एक बंगाली क्लीनिक ले जाया गया, जहां दवा और इंजेक्शन देने के बाद कुछ समय भर्ती रखा गया। तबीयत में सुधार बताने पर उसे घर ले आया गया, लेकिन दोपहर बाद हालत फिर बिगड़ गई। इसके बाद उसे रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से दूसरे अस्पताल रेफर किए जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका के पिता ने बेटी की मौत पर संदेह व्यक्त करते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि विवाह के सात वर्ष के भीतर हुई संदिग्ध मृत्यु के मामलों में मजिस्ट्रेट जांच अनिवार्य होती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *