योगीराज से भागा, धामी की पुलिस से नहीं बच पाया
रुद्रपुर/गदरपुर। उधम सिंह नगर जिले के गदरपुर क्षेत्र में करीब एक माह पूर्व हुए चर्चित गौकशी प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए पहले बाजपुर अस्पताल और बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति जिला अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी से पूछताछ की। इस दौरान आरोपी एसएसपी के सामने हाथ जोड़कर रहम की गुहार लगाता नजर आया।
पहले भी पुलिस पर हुई थी फायरिंग
पुलिस के अनुसार, करीब एक माह पहले गदरपुर क्षेत्र में गौकशी की घटना सामने आई थी। मामले की जांच के दौरान रेंज स्तर की गौवंश स्क्वाड टीम जब आरोपियों को पकड़ने पहुंची थी, तब आरोपियों ने पुलिस पर दो राउंड फायरिंग कर फरार हो गए थे। उस समय पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दो आरोपी फरार चल रहे थे।
सूचना पर हुई घेराबंदी
फरार आरोपियों की तलाश के दौरान एसओजी को सूचना मिली कि आरोपी मोईन ग्राम कनौरा के आसपास मौजूद है। सूचना के आधार पर एसओजी और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर चार राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।
17 किलो प्रतिबंधित मांस और अवैध हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 17 किलो प्रतिबंधित मांस, एक अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी की पहचान मोईन, निवासी जनपद मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। वहीं, गौकशी प्रकरण में फरार अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है।
एसएसपी बोले— किसी को नहीं बख्शा जाएगा
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने और पुलिस पर हमला करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
