रुद्रपुर में विधायक शिव अरोरा ने किया VB-G RAM G योजना का शुभारंभ, ग्रामीण श्रमिकों को मिलेंगे 125 दिन रोजगार

रुद्रपुर में विधायक शिव अरोरा ने किया VB-G RAM G योजना का शुभारंभ, ग्रामीण श्रमिकों को मिलेंगे 125 दिन रोजगार

रुद्रपुर। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी VB-G RAM G (विकसित भारत–जी रामजी) योजना का शुभारंभ गुरुवार को विकास भवन सभागार, रुद्रपुर में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक शिव अरोरा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों के श्रमिकों और मजदूरों के जीवन में बड़ा बदलाव लाने वाली है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत अब ग्रामीण श्रमिकों को 100 दिनों के बजाय 125 दिनों का रोजगार मिलेगा। साथ ही कार्य पूरा होने के बाद निर्धारित समय सीमा में भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने योजना के लिए 95,600 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जबकि शेष राशि राज्य सरकारें वहन करेंगी। योजना के अंतर्गत औसत दैनिक मजदूरी बढ़ाकर 327.40 रुपये कर दी गई है तथा मजदूरी का भुगतान सीधे श्रमिकों के बैंक खाते में किया जाएगा।

विधायक ने कहा कि अब गांवों में कौन-से विकास कार्य होंगे, इसका निर्णय दिल्ली या देहरादून से नहीं बल्कि ग्राम पंचायतें स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार लेंगी। योजना के तहत जल संरक्षण, ग्रामीण सड़कें, स्कूल, अस्पताल, आजीविका से जुड़े बुनियादी ढांचे और अन्य स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि यदि किसी पात्र श्रमिक को निर्धारित समय सीमा के भीतर रोजगार उपलब्ध नहीं कराया जाता है तो उसे बेरोजगारी भत्ता देने का भी प्रावधान रखा गया है।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में यह योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और ग्रामीण गरीबों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाएगी। उन्होंने योजना को लागू करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, प्रीत ग्रोवर, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, जिला विकास अधिकारी, बीडीओ गदरपुर अतिया परवेज खान, परियोजना अधिकारी हिमांशु जोशी, हेम कांडपाल, प्रधान हरीश भट्ट, प्रधान विनीत सोलंकी, बीडीसी राजेंद्र सैनी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे