काशीपुर में अवैध शराब के अड्डे पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2 जलती भट्टियां पकड़ीं, 6 हजार किलो लहन नष्ट!
समाचार प्लस लाइव:उत्तराखंड | ऊधम सिंह नगर | काशीपुर: अवैध कच्ची शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम खाईखेड़ा के पास नाले पर दबिश देकर विभाग की टीम ने कच्ची शराब बनाने की दो जलती हुई भट्टियां पकड़ीं। मौके से शराब बनाने के उपकरणों के साथ करीब 6 हजार किलोग्राम लहन नष्ट किया गया।
कार्रवाई के दौरान आसपास के क्षेत्र में तलाशी लेने पर 65 लीटर अवैध कच्ची शराब भी बरामद हुई। आबकारी विभाग ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
आबकारी विभाग के अनुसार यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त के आदेश और जिला आबकारी अधिकारी ऊधम सिंह नगर के निर्देशन में की गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।
