5 साल धामी सरकार: उत्तराखंड में कनेक्टिविटी और पर्यटन विकास को मिली नई रफ्तार
देहरादून। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में बीते पांच वर्षों के दौरान राज्य में सड़क, हवाई संपर्क और पर्यटन अवसंरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए जाने का दावा किया गया है। सरकार का कहना है कि जिन क्षेत्रों तक पहले पहुंचना कठिन था, वहां अब आधुनिक कनेक्टिविटी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
सरकार के अनुसार, पहले राज्य में हवाई और सड़क संपर्क सीमित था, जिससे पर्यटन की अपार संभावनाएं पूरी तरह विकसित नहीं हो पा रही थीं। धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान बनाने के लिए रोपवे जैसी आधुनिक सुविधाओं का भी अभाव था।
वहीं वर्तमान में उत्तराखंड ने क्षेत्रीय हवाई संपर्क को बढ़ावा देने के लिए उड़ान योजना के तहत हेली सेवाओं का विस्तार किया है। सरकार का दावा है कि इस दिशा में पहल करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना। इसके साथ ही राज्य के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए रोपवे परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे यात्रियों को सुविधाजनक और सुरक्षित आवागमन उपलब्ध हो सके।
सरकार का यह भी कहना है कि आधुनिक सड़क नेटवर्क और कनेक्टिविटी परियोजनाओं का तेजी से विस्तार किया गया है। नई सड़कों के निर्माण, सड़क चौड़ीकरण और संपर्क मार्गों के विकास से दूरस्थ क्षेत्रों को भी मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
सरकार का मानना है कि बेहतर कनेक्टिविटी और पर्यटन अवसंरचना के विकास से राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ रोजगार और पर्यटन गतिविधियों में भी वृद्धि होगी।
