एसएसपी अजय गणपति ने दिनेशपुर थाना दिवस में सुनी जनसमस्याएं, जाम, नशा और अपराध पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश

एसएसपी अजय गणपति ने दिनेशपुर थाना दिवस में सुनी जनसमस्याएं, जाम, नशा और अपराध पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश

रुद्रपुर/दिनेशपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति ने रविवार को थाना दिनेशपुर परिसर में आयोजित “थाना दिवस” (जनता दरबार) में क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच संवाद को मजबूत करना तथा शिकायतों का मौके पर निस्तारण सुनिश्चित करना रहा।

जनता दरबार में जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने क्षेत्र की यातायात व्यवस्था, बाजारों में लगने वाले जाम, अवैध नशे के कारोबार पर रोक, रात्रि गश्त बढ़ाने तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दे प्रमुखता से उठाए।

एसएसपी अजय गणपति ने थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि क्षेत्र में जाम और यातायात की समस्या के समाधान के लिए तत्काल प्रभाव से कार्ययोजना तैयार कर उसे लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल अपराध नियंत्रण की सबसे मजबूत कड़ी है। पुलिसकर्मी आम लोगों से मित्रवत व्यवहार करें ताकि पीड़ित बिना किसी भय के अपनी शिकायत दर्ज करा सकें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार और नशे के धंधे को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही विभिन्न मामलों में जेल से छूटे अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।

एसएसपी ने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता से मिले सुझावों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी और जिले में सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।