हरेला पर रुद्रपुर को मिली नई हरित सौगात, कूड़े के पहाड़ की जगह बने पार्क का नाम होगा ‘अटल पार्क’

हरेला पर रुद्रपुर को मिली नई हरित सौगात, कूड़े के पहाड़ की जगह बने पार्क का नाम होगा ‘अटल पार्क’

रुद्रपुर। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर रुद्रपुर नगर निगम ने किच्छा रोड स्थित नव विकसित पार्क में वृहद पौधारोपण अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के 400 पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में महापौर विकास शर्मा ने कूड़े के पहाड़ को हटाकर विकसित किए गए इस पार्क का नाम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर ‘अटल पार्क’ रखने की घोषणा की।

महापौर ने कहा कि जहां कुछ समय पहले तक कूड़े का विशाल ढेर हुआ करता था, वहां आज एक सुंदर और हरित पार्क विकसित किया गया है। नगर निगम ने सुनियोजित अभियान के तहत इस स्थान को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक स्थल में बदलने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व और विकासवादी सोच को सम्मान देने के लिए पार्क का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल विकास कार्य कराना नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ना भी है। तेजी से बढ़ते शहरीकरण और ग्लोबल वार्मिंग के बीच प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों को वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी सामूहिक जिम्मेदारी है।

महापौर ने कहा कि हरेला पर्व प्रकृति, हरियाली और जीवन के प्रति आस्था का प्रतीक है। यह पर्व जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और लोक परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश देता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए सभी नागरिकों, युवाओं, स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की।

उन्होंने बताया कि हरेला पर शुरू हुआ पौधारोपण अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। नगर निगम आने वाले दिनों में शहर के सभी वार्डों, पार्कों, सार्वजनिक स्थलों और खाली भूमि पर व्यापक स्तर पर छायादार, फलदार और औषधीय पौधे लगाएगा तथा उनके संरक्षण की भी व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।

कार्यक्रम में पार्षदों, महिला स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे: पार्षद नूरुद्दीन अहमद, गिरीश पाल, पवन राणा, इंद्रजीत सिंह, मुकेश रस्तोगी, संतोष गुप्ता, चन्द्रसेन चंदा, गौरव गिरी, चिराग कालरा, विष्णु, अयूब अंसारी, अशफ़ाक़, विक्की अंसारी, संजय आर्य, प्रमोद मित्तल, मनीष मित्तल, सहायक नगर आयुक्त रणदीप सिंह, वरिष्ठ सहायक प्रवीण सक्सेना, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पियूष रंजन, प्रोजेक्ट हेड राजू नबियाल सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं सफाई यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।