देहरादून पहुंचते ही अमर मेहता के घर पहुंचे राहुल गांधी, परिजनों को दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा
देहरादून। कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को देहरादून पहुंचने के बाद सबसे पहले दिवंगत कांग्रेस नेता अमर मेहता के आवास पहुंचे। उन्होंने अमर मेहता को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की।
राहुल गांधी ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस कठिन समय में पूरा कांग्रेस परिवार उनके साथ खड़ा है। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा भी दिलाया।
इस अवसर पर उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व विधायक राजकुमार, कांग्रेस नेता मोहन काला, सोनिया आनंद सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेता मोहन काला ने बताया कि राहुल गांधी ने अमर मेहता के निधन को कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि पार्टी परिवार के साथ हर परिस्थिति में खड़ी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान लोहे का गार्डर गिरने से अमर मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया
परिजनों से मुलाकात के बाद राहुल गांधी मसूरी रोड स्थित एक होटल पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीतिक बैठक की। इसके बाद उन्होंने बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों से संवाद किया।
