गदरपुर पुलिस ने 72 घंटे में खोला मंदिर चोरी का राज, शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद
गदरपुर (ऊधमसिंह नगर)। गदरपुर कोतवाली पुलिस ने शिव मंदिर में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मंदिर से चोरी किया गया कलश, धातु का नाग, अगरबत्ती स्टैंड और नकदी बरामद की है। आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर-7 स्थित शिव मंदिर के पुजारी जगदीश गुप्ता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 19 जुलाई की रात मंदिर से कलश, धातु का नाग, पूजा सामग्री और मंदिर की अलमारी में रखी करीब पांच हजार रुपये की नकदी चोरी हो गई थी। शिकायत के आधार पर कोतवाली गदरपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसके बाद 22 जुलाई को पुलिस ने राहुल कुमार (35 वर्ष), निवासी सिनेमा लाइन, वार्ड नंबर-3, गदरपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक गुलाबी-नारंगी रंग का कलश, दो हिस्सों में धातु का नाग, अगरबत्ती जलाने का स्टैंड और एक सफेद थैले में रखे 922 रुपये नकद बरामद किए। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उसके अन्य मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रदीप शर्मा, कांस्टेबल मोहन सिंह बोरा और कांस्टेबल रविन्द्र सिंह की अहम भूमिका रही।
