रुद्रपुर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 33 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद
रुद्रपुर, 24 जुलाई। माननीय आबकारी आयुक्त एवं जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी महेन्द्र सिंह बिष्ट के निर्देशन में आबकारी विभाग की टीम ने रुद्रपुर के शास्त्रीनगर गड्ढा कॉलोनी क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ सघन छापेमारी अभियान चलाया।
शिकायत मिलने पर क्षेत्र-01 रुद्रपुर की आबकारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के अड्डों पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान गुरनाम कौर पत्नी प्रेम सिंह के घर से 500-500 एमएल के 24 पाउच (कुल 12 लीटर) अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। वहीं रूपिंदर कौर पत्नी किशन सिंह के घर से 500-500 एमएल के 42 पाउच (कुल लगभग 21 लीटर) अवैध कच्ची शराब बरामद हुई।
बरामद शराब को कब्जे में लेकर दोनों आरोपितों के खिलाफ उत्तराखंड आबकारी अधिनियम की धारा 60 सहित अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
यह अभियान आबकारी निरीक्षक सोनू सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान में प्रधान आबकारी सिपाही दीपक, संतोष, विकास तथा आबकारी सिपाही राजेंद्र, वीरेंद्र, रोशनी सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
