रुद्रपुर को जल्द मिलेगी हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी, पुरानी तहसील भवन में बनेगा आधुनिक अध्ययन केंद्र

रुद्रपुर को जल्द मिलेगी हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी, पुरानी तहसील भवन में बनेगा आधुनिक अध्ययन केंद्र

रुद्रपुर। शहर के युवाओं के लिए जल्द ही अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हाईटेक डिजिटल लाइब्रेरी की शुरुआत होने जा रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम और जिला प्रशासन ने परियोजना पर काम तेज कर दिया है। गुरुवार को महापौर विकास शर्मा और मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) दिवेश शाशनी ने नगर निगम अधिकारियों के साथ पुरानी तहसील परिसर स्थित प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान भवन की संरचना, उपलब्ध स्थान और आवश्यक संसाधनों का आकलन किया गया। अधिकारियों ने लाइब्रेरी को आधुनिक स्वरूप देने के लिए आवश्यक निर्माण कार्य और सुविधाओं पर भी चर्चा की।

महापौर विकास शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में युवाओं को आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों से जोड़ने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित डिजिटल लाइब्रेरी केवल पुस्तकालय नहीं होगी, बल्कि इसे शिक्षा, करियर मार्गदर्शन और कौशल विकास का आधुनिक केंद्र बनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए बुक बैंक, कंप्यूटर लैब, हाई-स्पीड इंटरनेट, डिजिटल स्टडी मटेरियल, ई-लर्निंग सुविधाएं, शांत अध्ययन कक्ष और वातानुकूलित अध्ययन परिसर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा समय-समय पर करियर काउंसलिंग, प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग और स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने कहा कि जिला प्रशासन युवाओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने के लिए गंभीरता से कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि जल्द ही परियोजना का विस्तृत डिजाइन और डीपीआर (विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन) तैयार कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को शीघ्र इसका लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि जनपद के विभिन्न विकासखंडों में भी लाइब्रेरी स्थापित करने की योजना पर काम चल रहा है और रुद्रपुर की डिजिटल लाइब्रेरी इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

निरीक्षण के दौरान पार्षद पवन राणा, पार्षद विष्णु सिंह, व्यापार मंडल महामंत्री मनोज छाबड़ा, राजू नबियाल, अमित अरोड़ा बॉबी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।