यूटीयू परीक्षा में पेपर लीक का खुलासा, दून पुलिस ने सहायक प्रोफेसर को दबोचा
देहरादून। उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सम-सेमेस्टर परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने परीक्षा से पहले व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए छात्रों को प्रश्नपत्र से मिलते-जुलते सवाल भेजकर अनुचित लाभ पहुंचाने का प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल की शिकायत पर प्रेमनगर थाने में मामला दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि विश्वविद्यालय को एक ई-मेल के माध्यम से सूचना मिली थी कि 3 जुलाई को आरोपी प्रोफेसर ने छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप में कुछ महत्वपूर्ण प्रश्न साझा किए थे। जब 8 जुलाई को आयोजित परीक्षा के प्रश्नपत्र से इनका मिलान किया गया तो कई सवाल काफी हद तक समान पाए गए।
विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच समिति ने भी जांच के दौरान इस तथ्य की पुष्टि की कि आरोपी ने परीक्षा से पहले छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप और आंतरिक पोर्टल पर परीक्षा से संबंधित समान प्रश्न साझा किए थे। इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 316, 318(4) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण कब्जे में लेकर उनकी जांच शुरू कर दी है। साथ ही, यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
