73,837 किसानों के खातों में पहुंची किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त, 14.76 करोड़ रुपये जारी
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी किसानों के लिए शुक्रवार को 24वीं किस्त जारी की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से डीबीटी के माध्यम से देशभर के किसानों के बैंक खातों में धनराशि हस्तांतरित की। इसका लाइव प्रसारण ऊधम सिंह नगर जनपद के विभिन्न न्याय पंचायतों, विकासखंडों और जिला मुख्यालय स्थित विकास भवन में भी किया गया।
मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीकेएस यादव के अनुसार, ऊधम सिंह नगर में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत कुल 80,511 किसान पंजीकृत हैं। इनमें से 73,837 पात्र किसानों के बैंक खातों में 24वीं किस्त के रूप में कुल 14 करोड़ 76 लाख 74 हजार रुपये जारी किए गए हैं।
मुख्य कृषि अधिकारी ने किसानों से अपने बैंक खातों की जांच कर धनराशि प्राप्त होने की पुष्टि करने की अपील की है। जिन पात्र किसानों के खातों में किस्त नहीं पहुंची है, वे नजदीकी कृषि विभाग कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि आगामी किस्तों का लाभ सुचारू रूप से प्राप्त करने के लिए फार्मर रजिस्ट्री में पंजीकरण अनिवार्य है। इसके लिए जनपद में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कृषि, उद्यान, रेशम, मत्स्य, गन्ना, सहकारिता, पंचायतीराज और ग्राम्य विकास विभाग के कर्मचारी गांव-गांव जाकर किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कर रहे हैं।
किसानों से संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक अभिलेख और जानकारी उपलब्ध कराकर जल्द से जल्द पंजीकरण पूरा कराने की अपील की गई है।
