खटीमा में बारिश से बढ़ा खंकरा नदी का जलस्तर, वनगंवा में जलभराव
खटीमा, 1 सितंबर 2026: सोमवार रात से मंगलवार दिन तक लगातार हो रही बारिश के चलते खंकरा नदी का जलस्तर बढ़ गया। इसके कारण वनगंवा गांव में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई और करीब 20 परिवार प्रभावित हुए।
सूचना मिलते ही जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस और खाद्य-रसद विभाग की टीमों को मौके पर भेजा। टीमों ने ग्रामीणों की मदद से 7 परिवारों को वनगंवा से राहत शिविर, प्राथमिक विद्यालय रघुलिया में सुरक्षित विस्थापित किया। अन्य प्रभावित परिवारों को भी राहत शिविर में पहुंचाने की कार्रवाई जारी है।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा और उप जिलाधिकारी तुषार सैनी ने प्राथमिक विद्यालय रघुलिया पहुंचकर जलभराव प्रभावित परिवारों से मुलाकात की।
डीएम ने कहा कि जब तक जलभराव की स्थिति सामान्य नहीं होती, तब तक प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को भोजन, पानी समेत सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने तहसील प्रशासन और खाद्य-रसद विभाग के अधिकारियों को राहत शिविर में सभी व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने लोगों से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि लगातार बारिश को देखते हुए लोग रात होने से पहले सुरक्षित राहत शिविर में पहुंच जाएं, ताकि किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने प्रशासन, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमों को भी पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।
