2.65 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी, बेटियों को ₹51 हजार की सहायता! महिला सशक्तिकरण के लिए धामी सरकार के बड़े कदम।
उत्तराखण्ड में महिला सशक्तिकरण को लेकर राज्य सरकार ने कई योजनाओं और नीतिगत फैसलों की जानकारी साझा की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
सरकार के अनुसार प्रदेश में 2.65 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण की सुविधा दी जा रही है। वहीं नंदा गौरा योजना के तहत अब तक 3,77,784 बालिकाओं को 1,168.49 करोड़ रुपये की सहायता जारी की जा चुकी है।
महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी प्रबंध समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई है। एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत पात्र महिलाओं को 1.5 लाख रुपये तक अनुदान देने का प्रावधान है।
इसके अलावा लोहाघाट में 256 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किया जा रहा है। महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं के लिए जेंडर बजट में लगभग 20 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार का लक्ष्य महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़कर आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है।

