कारगिल विजय दिवस पर विधायक शिव अरोरा ने वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, युवाओं से राष्ट्र निर्माण का किया आह्वान

कारगिल विजय दिवस पर विधायक शिव अरोरा ने वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, युवाओं से राष्ट्र निर्माण का किया आह्वान

रुद्रपुर। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन स्थित अमर जवान विजय स्मारक पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा ने वीर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने कारगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति को नमन किया।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय सेना के वीर जवानों ने दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों और विपरीत परिस्थितियों में अद्वितीय वीरता का परिचय देते हुए दुश्मन के कब्जे से भारतीय चौकियों को मुक्त कराया और तिरंगे की शान को अक्षुण्ण रखा। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सैन्य इतिहास का गौरवशाली अध्याय है और शहीदों का सर्वोच्च बलिदान देश कभी नहीं भूल सकता।

उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिक केवल सीमाओं की सुरक्षा ही नहीं करते, बल्कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए हर परिस्थिति में अपना सर्वस्व न्योछावर करने को तत्पर रहते हैं। उनका त्याग और समर्पण प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा और गर्व का विषय है।

इस अवसर पर विधायक ने युवाओं से सैनिकों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करते हुए देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाने में सभी नागरिकों को अपना योगदान देना चाहिए।

विधायक ने कहा कि कारगिल के अमर शहीदों के बलिदान को सदैव स्मरण रखते हुए “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लेना चाहिए।