
GST चोरी पर काशीपुर–बाजपुर में बड़ा एक्शन: होटल-रेस्टोरेंट सेक्टर पर राज्य कर विभाग की सख्ती, स्पेशल ड्राइव शुरू
बाजपुर/काशीपुर। ऊधम सिंह नगर के काशीपुर–बाजपुर क्षेत्र में राज्य कर विभाग ने जीएसटी चोरी और कर अनुपालन में लापरवाही को लेकर बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। होटल और रेस्टोरेंट सेक्टर को इस स्पेशल ड्राइव के केंद्र में रखा गया है।
आयुक्त राज्य कर प्रतीक जैन और ज्वाइंट कमिश्नर रुद्रपुर संभाग स्मिता के निर्देश पर जिलेभर में GST कम्प्लायंस वेरिफिकेशन ड्राइव चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में उपायुक्त मो. इशाख खान और सहायक आयुक्त अभिषेक सिंह ह्यांकी ने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को सख्त चेतावनी दी है कि सभी करदाता समय पर जीएसटी रिटर्न दाखिल करें और अपने रिकॉर्ड को पूरी तरह पारदर्शी रखें।
अधिकारियों ने साफ कहा है कि जो व्यापारी रिटर्न दाखिल नहीं कर रहे हैं या टैक्स छुपाने की कोशिश कर रहे हैं, उनके खिलाफ जीएसटी अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसमें पेनल्टी और ब्याज जैसी वित्तीय कार्रवाई भी शामिल होगी।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, होटल और रेस्टोरेंट सेक्टर में कैश ट्रांजैक्शन अधिक होने के कारण टैक्स चोरी की आशंका भी ज्यादा रहती है। इसी वजह से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि राजस्व सुरक्षा के साथ-साथ स्वैच्छिक कर अनुपालन को भी बढ़ावा मिल सके।
राज्य कर विभाग ने व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि ईमानदार करदाताओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी, लेकिन नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
