रुद्रपुर से 100 श्रद्धालुओं का जत्था अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना, 7 जुलाई को करेंगे बाबा बर्फानी के दर्शन
रुद्रपुर। श्री अमरनाथ जी सेवा मंडल की ओर से आयोजित वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए रुद्रपुर से 100 श्रद्धालुओं का जत्था रविवार देर रात विधि-विधान और पूजा-अर्चना के बाद रवाना हुआ। श्री सनातन धर्म पांच मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में समाजसेवी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता भारत भूषण चुघ ने भोलेनाथ के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं को यात्रा के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर भारत भूषण चुघ ने कहा कि श्री अमरनाथ जी सेवा मंडल पिछले कई वर्षों से श्रद्धालुओं को बाबा बर्फानी के पवित्र दर्शन के लिए यात्रा कराता आ रहा है। उन्होंने बताया कि सभी यात्री दिल्ली से हवाई मार्ग के जरिए श्रीनगर पहुंचेंगे और पूरी यात्रा का संचालन सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से किया जाएगा।
श्री अमरनाथ जी सेवा मंडल के अध्यक्ष अजय चड्ढा और महामंत्री मनीष चुघ ने बताया कि 6 जुलाई को सभी श्रद्धालु बालटाल बेस कैंप पहुंचेंगे, जबकि 7 जुलाई को बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा में दर्शन एवं पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद 8 और 9 जुलाई को श्रीनगर के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। 10 जुलाई को जत्था कटरा पहुंचकर माता वैष्णो देवी के दर्शन करेगा।
उन्होंने बताया कि यात्रा पूरी होने के बाद 12 जुलाई की रात सभी श्रद्धालु गरीब रथ एक्सप्रेस से रुद्रपुर के लिए रवाना होंगे और 13 जुलाई की दोपहर तक शहर वापस पहुंच जाएंगे।
यात्रा से पूर्व सभी श्रद्धालुओं को आवश्यक सामग्री की किट वितरित की गई। साथ ही स्वास्थ्य, सुरक्षा, मौसम और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षित, अनुशासित और सफल यात्रा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
यात्रा संचालन की जिम्मेदारी अध्यक्ष अजय चड्ढा, संस्थापक सुनील ठुकराल, सरपरस्त राजीव मिढ्ढा, अमित अरोड़ा, महामंत्री मनीष चुघ, कोषाध्यक्ष अंकित नरूला, उपाध्यक्ष राजन राठौर सहित अन्य पदाधिकारी संभाल रहे हैं।
इस दौरान गुलशन छाबड़ा, हरीश अरोड़ा, रमेश राठौड़, अमित गोड, सुरेश छाबड़ा, आशु गुंबर, सतीश दुआ, प्रीति धीर, नीतीश धीर, अशोक गुंबर, गौरव जुयाल, जगदीश टंडन, मोहित कक्कड़, रजत सेठी, निशांत ढल्ला सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
