चीनी मिल कर्मचारियों के हितों की पैरवी, मुख्यमंत्री धामी से मिला शिष्टमंडल

चीनी मिल कर्मचारियों के हितों की पैरवी, मुख्यमंत्री धामी से मिला शिष्टमंडल

वेतन कटौती समेत वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान की उठाई मांग

देहरादून। उत्तराखंड की विभिन्न चीनी मिलों में कार्यरत कर्मचारियों की वर्षों से लंबित समस्याओं और उनके हितों की रक्षा को लेकर शनिवार को एक शिष्टमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों के वेतन, सेवा शर्तों और अन्य लंबित मामलों पर विस्तार से चर्चा करते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।

शिष्टमंडल में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं सितारगंज विधायक सौरभ बहुगुणा, किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, बाजपुर से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी राजेश कुमार तथा जसपुर के पूर्व विधायक शैलेंद्र मोहन सिंघल शामिल रहे।

बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुख रूप से उत्तराखंड की चीनी मिलों के कर्मचारियों के वेतन में 38 से 45 प्रतिशत तक की जा रही कटौती का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इस कटौती से हजारों कर्मचारियों और उनके परिवारों पर आर्थिक संकट गहरा गया है। ऐसे में कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए सरकार को शीघ्र प्रभावी निर्णय लेना चाहिए।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि चीनी मिलों के कर्मचारी लंबे समय से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें वेतन कटौती और अन्य सेवा संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से कर्मचारियों के हित में जल्द सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।

बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जो वित्त एवं श्रम विभाग का दायित्व भी संभाल रहे हैं, ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कर्मचारियों के हितों के संरक्षण तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक और संवेदनशील पहल का भरोसा दिलाया।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हित में जल्द ही ठोस और सकारात्मक निर्णय लेकर उनकी लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान करेगी।