रामनगर के ढेला स्थित रिसॉर्ट में पुलिस का बड़ा छापा, कथित रेव पार्टी और सेक्स रैकेट का खुलासा; 62 लोग हिरासत में, जांच जारी

रामनगर के ढेला स्थित रिसॉर्ट में पुलिस का बड़ा छापा, कथित रेव पार्टी और सेक्स रैकेट का खुलासा; 62 लोग हिरासत में, जांच जारी

रामनगर। नैनीताल जनपद के रामनगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढेला स्थित एक निजी रिसॉर्ट में पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित रेव पार्टी का भंडाफोड़ किया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 52 पुरुषों और 10 महिलाओं सहित कुल 62 लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस को प्रारंभिक जांच में रिसॉर्ट में कथित तौर पर सेक्स रैकेट संचालित होने के संकेत भी मिले हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

यह संयुक्त कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में कोतवाली रामनगर पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) तथा एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल की टीम ने की। बताया जा रहा है कि पुलिस को पिछले काफी समय से रिसॉर्ट में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। लगातार मिल रही शिकायतों और गोपनीय सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने रिसॉर्ट परिसर से बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। इसके अलावा हरियाणा ब्रांड की शराब भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस बरामद सामग्री की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब वैध रूप से लाई गई थी या नहीं तथा उसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जा रहा था।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि हिरासत में ली गई महिलाएं और युवतियां पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और नेपाल की रहने वाली बताई जा रही हैं। पुलिस सभी के पहचान पत्र, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन कर रही है। सूत्रों के अनुसार हिरासत में ली गई महिलाओं में कुछ के नाबालिग होने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आयु का सत्यापन कराया जा रहा है।

पुलिस जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि रिसॉर्ट में आयोजित कार्यक्रम का आयोजक कौन था, इसमें शामिल लोगों की भूमिका क्या थी और क्या यहां लंबे समय से अवैध गतिविधियों का संचालन किया जा रहा था। इसके अलावा रिसॉर्ट संचालक और प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस मोबाइल फोन, सीसीटीवी फुटेज, रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों को भी कब्जे में लेकर उनकी जांच कर रही है।