टनकपुर से श्री हज़ूर साहिब नांदेड़ के लिए सीधी रेल सेवा शुरू, सिख समाज ने मुख्यमंत्री धामी का जताया आभार
खटीमा, 5 जुलाई। उत्तराखंड के श्रद्धालुओं, विशेषकर सिख समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर टनकपुर से तख्त श्री हज़ूर साहिब के लिए सीधी रेल सेवा शुरू कर दी गई है। इस ऐतिहासिक पहल पर सिख समाज के प्रतिनिधिमंडल ने लोहियाहेड हैलीपेड पर पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस नई रेल सेवा से उत्तराखंड समेत आसपास के क्षेत्रों के हजारों श्रद्धालुओं को नांदेड़ साहिब की यात्रा पहले की अपेक्षा अधिक आसान, सुरक्षित और सुविधाजनक होगी। उन्होंने इसे आस्था से जुड़े श्रद्धालुओं के लिए एक ऐतिहासिक और जनहितकारी निर्णय बताया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और प्रदेश की कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार के सहयोग से कई महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं। टनकपुर से श्री हज़ूर साहिब, नांदेड़ के लिए सीधी रेल सेवा भी इसी दिशा में एक अहम कदम है, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा।
इस दौरान सिख समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का सम्मान किया और उनके नेतृत्व में जनभावनाओं के अनुरूप लिए जा रहे निर्णयों की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल में रंजीत सिंह नामधारी, मनजीत सिंह, हरजिंदर सिंह, हरबंजन सिंह खिंडा और जोगा सिंह रंधावा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, सतीश भट्ट, भवानी भंडारी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी, गौरव पाण्डेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
