समाज कल्याण का बड़ा कदम: पीएम जनमन में उधमसिंह नगर चौथे स्थान पर, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया को राष्ट्रपति ने किया सम्मानित
समाचार प्लस लाइव – रुद्रपुर, 17 अक्टूबर, 2025:
प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान (पी.एम. जनमन) कार्यक्रम में पूरे देश में जनपद उधमसिंह नगर चौथे स्थान पर रहा। इस उपलब्धि के लिए नई दिल्ली में महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मू ने जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
पी.एम. जनमन भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTGs) का सर्वांगीण विकास करना है। उत्तराखंड में इस कार्यक्रम से भोटिया, थारू, जौनसारी और रजि समुदायों के लिए बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, आवास, आजीविका और सांस्कृतिक संरक्षण के कार्य किए जा रहे हैं।
उधमसिंह नगर में पीएम जनमन योजना के तहत 43 जनजाति गांव, 6886 विशेष रूप से कमजोर परिवार और 40881 जनसंख्या शामिल हैं। अब तक 824 परिवारों को आवास, 100-बेड छात्रावास निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्र, पेयजल संयोजन, वनधन केंद्र, स्वास्थ्य, उज्जवला योजना, किसान सम्मान निधि और राशन कार्ड जैसे लाभ प्रदान किए गए हैं।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि यह सम्मान सभी अधिकारियों की सक्रियता और समर्पण का परिणाम है। कार्यक्रम में समाज कल्याण अधिकारी और नोडल अधिकारी पीएम जनमन अमन अनिरुद्ध भी उपस्थित रहे।
