रुद्रपुर के आकाश इंस्टीट्यूट में फायर सर्विस की मॉक ड्रिल, छात्रों को दिया गया अग्नि सुरक्षा का व्यवहारिक प्रशिक्षण
रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में शनिवार को फायर सर्विस रुद्रपुर द्वारा नैनीताल रोड स्थित आकाश इंस्टीट्यूट में अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम एवं मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं और स्टाफ को आग लगने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से सुरक्षित तरीके से निपटने के लिए प्रशिक्षित करना था।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ईशान कटारिया के नेतृत्व में आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान आपातकालीन सायरन बजाकर अभ्यास शुरू किया गया। इसके बाद फायर टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का त्वरित आकलन किया और संस्थान में आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाकर छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ को आपातकालीन निकास मार्ग से सुरक्षित बाहर निकाला।
मॉक ड्रिल के दौरान फायर कर्मियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन का प्रदर्शन करते हुए घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया। साथ ही प्रतिभागियों को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) और प्राथमिक उपचार का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
कार्यक्रम में 100 से अधिक छात्र-छात्राओं और स्टाफ ने भाग लिया। उन्हें अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग, आग लगने पर अपनाई जाने वाली सुरक्षा सावधानियों, सुरक्षित निकासी प्रक्रिया और आपातकालीन परिस्थितियों में संयम बनाए रखने के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
फायर विभाग के अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों में आपदा के समय सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जनहानि और नुकसान को कम किया जा सके।
