ओवरलोडिंग व तेज़ रफ्तार भारी वाहनों पर चलेगा अभियान – डीएम नितिन सिंह भदौरिया
रुद्रपुर। सड़क सुरक्षा व बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने ओवरलोडिंग व भारी वाहनों की गति पर सख़्त नियंत्रण के निर्देश दिए हैं। डीएम ने सभी उप जिलाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, एआरटीओ व सड़क महकमे के अधिकारियों को दो दिन में भारी व खनन वाहनों के लिए रूट तय कर संचालन सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि स्कूलों के खुलने व छुट्टी के समय शहरों व कस्बों में भारी एवं खनन वाहनों का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। निर्धारित समय व रूट से बाहर चलने वाले वाहनों को सीज किया जाएगा।
स्टोन क्रशरों से ओवरलोड वाहन निकलने पर क्रशर संचालकों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। खनन क्षेत्रों में भी ओवरलोडिंग पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
खनिज वाहनों को ढककर संचालन, नशे में वाहन चलाने वालों की सख़्त जांच, तथा सड़क पर गिरने वाली रेता-बजरी पर रोक लगाने के निर्देश भी जारी किए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने आज से ही ओवरलोडिंग व ओवरस्पीड के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। शहर, कस्बों व हाईवे से जुड़ी सड़कों पर बैरियर, ब्लैक स्पॉट व एक्सीडेंट जोन चिन्हित करने तथा सड़क हादसों का कारण बन रहे निराश्रित पशुओं को शेल्टर भेजने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में पूर्व दर्जा मंत्री राजेश कुमार, एसपी निहारिका तोमर, एडीएम कौस्तुभ मिश्र, एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा, एआरटीओ मोहित कोठारी, जिला खनन अधिकारी मनीष कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
