बम से उड़ाने की धमकियों पर सख्त हुए मुख्यमंत्री धामी, बोले – कानून हाथ में लेने वालों को नहीं बख्शेंगे
देहरादून: उत्तराखंड के विभिन्न सरकारी संस्थानों, नगर निकायों और धार्मिक स्थलों को मिले धमकी भरे ईमेलों के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने धमकी भरे ईमेलों को अत्यंत गंभीरता से लिया है और संबंधित एजेंसियों को जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति या संगठन के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हाल ही में मसूरी नगर पालिका, हरिद्वार नगर निगम समेत कई संस्थानों को भेजे गए ईमेलों में हरिद्वार, ऋषिकेश, केदारनाथ मंदिर और बदरीनाथ मंदिर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी। कुछ ईमेल पंजाबी भाषा में लिखे गए थे, जिनमें कथित रूप से खालिस्तान समर्थक संदर्भ पाए गए हैं। इसके बाद पुलिस, खुफिया एजेंसियों और साइबर विशेषज्ञों ने जांच तेज कर दी है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है, जहां चारधाम यात्रा और हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचते हैं। राज्य सरकार यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए हैं तथा कहा कि प्रदेश की शांति, सुरक्षा और सांप्रदायिक सौहार्द से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
