अमित शाह के दौरे से पहले परेड ग्राउंड पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, तैयारियों का किया स्थलीय निरीक्षण; सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
देहरादून के परेड ग्राउंड में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 6 नवंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आमजन को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए वैकल्पिक मार्गों की जानकारी देने, पर्याप्त साइन बोर्ड लगाने और व्यापक जनजागरूकता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। त्योहारों के मद्देनजर यातायात और जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को भी कहा।
निरीक्षण के दौरान राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री (संगठन) फणींद्रनाथ शर्मा सहित पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे।
