समाचार प्लस लाइव | मुख्यमंत्री धामी ने की उच्चस्तरीय बैठक, वाराणसी में होने वाली मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक को लेकर की समीक्षा
देहरादून | 19 जून 2025, गुरुवार।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आगामी 24 जून को वाराणसी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली मध्य क्षेत्रीय परिषद की 25वीं बैठक की तैयारियों की समीक्षा को लेकर मुख्यमंत्री आवास देहरादून में उच्चस्तरीय बैठक की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश के समग्र, सतत और संतुलित विकास के लिए ऐसे ठोस और नवाचारपरक प्रस्ताव तैयार किए जाएं, जो इकोलॉजी और इकोनॉमी के समन्वय की भावना के अनुरूप हों।
👶🏻 बच्चों के पोषण और विकास पर विशेष जोर
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों के पोषण, शारीरिक और मानसिक विकास पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि बच्चों का भविष्य ही राज्य और देश का भविष्य है, इसलिए उनके समग्र विकास के लिए समेकित और लक्ष्य आधारित योजना तैयार की जाए।
मुख्यमंत्री ने आईसीडीएस, खाद्य सुरक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग और खेल विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा, ताकि बच्चों को पोषण, खेल, स्वास्थ्य और मानसिक विकास की बेहतर सुविधाएं मिल सकें
🏥 आयुष्मान योजना और आपात सेवाओं पर निर्देश
मुख्यमंत्री ने सभी सरकारी अस्पतालों में आयुष्मान भारत योजना के तहत अनिवार्य पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ राज्य के हर नागरिक तक पहुंचना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने 112 हेल्पलाइन नंबर के विस्तृत प्रचार-प्रसार का भी निर्देश दिया, जिससे आपातकालीन स्थितियों में आम नागरिक तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।
🩺 कुपोषण और एनीमिया पर अभियान चलाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देश दिए कि कुपोषण और एनीमिया जैसे मामलों की नियमित समीक्षा की जाए और सुधार के लिए अभियान चलाए जाएं। उन्होंने ज़िला स्तर पर इन प्रयासों की सख्त निगरानी और मूल्यांकन व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया।
👨💼 बैठक में उपस्थित अधिकारी:
बैठक में प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, अपर पुलिस महानिदेशक ए. पी. अंशुमन, सचिव विनोद कुमार सुमन, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
